हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र हस्तिनापुर में सरकारी बुर्जीमी जमीन पर कथित अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां निर्माण कार्य को लेकर तनाव की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि पर हो रहे निर्माण की सूचना राजस्व विभाग को दी गई थी। टीम जांच के लिए मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान निर्माण करा रहे लोगों ने कथित रूप से रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकार का मोबाइल फोन छीन लिया। बताया जा रहा है कि फोन में घटना से संबंधित फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद थी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ भी टीम के सामने धक्का-मुक्की की गई। उसकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि टीम के साथ सीधे तौर पर मारपीट नहीं की गई, लेकिन पूरे घटनाक्रम के दौरान दबंगई का प्रदर्शन खुलकर देखा गया।सूत्रों के अनुसार, संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज बताई जा रही है और बिना वैध अनुमति के दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक रिपोर्ट तैयार की है।घटना की जानकारी थाना हस्तिनापुर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने बताया कि यदि लिखित तहरीर प्राप्त होती है तो रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी जमीनों की नियमित जांच कर ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

error: Content is protected !!