संवाददाता रूपेश चौहान
हस्तिनापुर क्षेत्र के मनोहरपुर कॉलोनी में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है। ठेकेदार अनुरोध त्यागी द्वारा कराए जा रहे इस कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। गांव के मुख्य मार्ग, स्कूल और बीएसए दफ्तर के पास सड़क पर ही रोड़ी, डस्ट और बजरी डालकर रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहा है और कॉलोनी के मुख्य मोड़ तथा तिलगति के पास ही सड़क पर सामग्री फैलाकर वहीं मिक्सर मशीन चलाता है। इसके चलते आने-जाने वाले लोगों को सामने से आ रहे वाहन या व्यक्ति दिखाई नहीं देते, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई ग्रामीणों ने बताया कि अब तक कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं और कई बाइकों के फिसलने की घटनाएं भी सामने आई हैं
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि मिक्सर मशीन चलाने वाले मजदूर लापरवाही बरतते हैं। वे पीछे या आसपास का ध्यान नहीं रखते, चाहे बच्चे हों या बुजुर्ग, और बिना काम रोके ही मशीन चलाते रहते हैं, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।
इसी लापरवाही के चलते आज सुबह रोबिन सिंह पुत्र मंगल सिंह की बाइक फिसल गई और वह मिक्सर मशीन से टकराकर घायल हो गए। उनका इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद मिक्सर चालक ने अपनी गलती मानने के बजाय बाइक सवार को ही दोषी ठहराया और विरोध करने पर अभद्रता व धमकी देने लगा।
ग्रामीणों ने ठेकेदार के साथ-साथ क्षेत्र के सभासद पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उच्च गुणवत्ता वाली सड़क बनाने के नाम पर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। मानकों के अनुसार रोड़ी, बजरी और डस्ट का संतुलित उपयोग नहीं किया जा रहा, बल्कि उसकी जगह मिट्टी मिलाई जा रही है, जो सड़क की गुणवत्ता को कमजोर बना रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में ठेकेदार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मौके पर ब्रजमोहन, भोसन सिंह, नेपाल सिंह, कोसिंदर नगर, रवींद्र नागर, अजयपाल, मनोज, दीपक, सोनू, राहुल, लोकेश्वर, मांगते, धन प्रकाश, रॉबिन, बाबू, रवि कुमार, फतेहचंद, रोबिंदर, अनुज कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

