संवाददाता रूपेश चौहान मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर बीच बाजार हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने बाइक सवार युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, जाटव चौक निवासी सुरेंद्र पुत्र कश्मीर सिंह दोपहर करीब 2 बजे बाइक से बाजार से गुजर रहे थे। जैसे ही वह सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचे, हमलावर ने नजदीक से कई गोलियां दाग दीं। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र को तीन गोलियां लगीं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।प्रारंभिक जांच में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से रामराज कस्बे में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

