संवाददाता – दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़हस्तिनापुर क्षेत्र से लापता हुआ युवक निखिल आखिरकार 24 घंटे पूर्ण होने से पहले ही पुलिस द्वारा सकुशल बरामद कर लिया गया। युवक के सुरक्षित मिलने की खबर से परिवार और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।ज्ञात हो कि निखिल पारस सुनार की दुकान पर काम सीखने आता था। बीते दिन वह दुकान मालिक से तीन हजार रुपये लेकर घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने चिंता व्यक्त करते हुए थाने में लिखित तहरीर दी थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए हस्तिनापुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने युवक के मोबाइल और लैपटॉप की जांच की, जिसमें “हस्तिनापुर से अयोध्या कैसे जाएं” संबंधी सर्च हिस्ट्री सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाई और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित कई जगहों पर तलाश अभियान चलाया।सक्रिय प्रयासों के चलते पुलिस ने 24 घंटे पूर्ण होने से पहले ही युवक को ढूंढ निकाला और सुरक्षित उसके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक सकुशल है और उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।परिवार ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है।पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मामले की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
