संवाददाता: रूपेश चौहान
मेरठ । हस्तिनापुर क्षेत्र के लतीफपुर और किशनपुर स्थित गुरुद्वारों में आयोजित होने वाले वार्षिक प्रसिद्ध सिख गटजोड़ मेले को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 19, 20 और 21 मार्च को आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।मेले को सफल और भव्य बनाने के लिए गुरुद्वारा किशनपुर के जत्थेदार श्री रंजीत सिंह, श्री कमल सिंह, सुरेंद्र सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, कुलबीर सिंह, सतनाम सिंह, सुरजीत सिंह, गुरु सेवक सिंह, राजू सिंह, कुलवंत सिंह और करनैल सिंह सहित अनेक सेवादार दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।इसके अतिरिक्त प्रमुख गुरुद्वारा के ज्ञानी सरबजीत सिंह, समिति अध्यक्ष दर्शन सिंह जाखड़, सचिव सरदार इंदर सिंह, प्रबंधक प्रधान सरदार नगर सिंह और सेवादार सरदार रघुवीर सिंह भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।मेले के दौरान आने वाली संगत के स्वागत के लिए विशाल पंडाल सजाए जा रहे हैं। साथ ही लंगर व्यवस्था को विशेष रूप से भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लतीफपुर-किशनपुर मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।19 मार्च को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जो गुरुद्वारा पंच प्यारे साहब सैफपुर करमचंदपुर साहिब से प्रारंभ होकर हस्तिनापुर, लतीफपुर होते हुए किशनपुर गुरुद्वारे तक पहुंचेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालु भाग लेंगे और धार्मिक उत्साह का वातावरण बनेगा।हर वर्ष की तरह इस बार भी गटजोड़ मेला श्रद्धा, सेवा और एकता का प्रतीक बनेगा। क्षेत्र में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और संगत के आगमन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं।
