संवाददाता – दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़

हस्तिनापुर क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, निखिल नाम का एक युवक पारस सुनार की दुकान पर काम सीखने के लिए आता था। बताया जा रहा है कि बीते दिन निखिल ने अपने दुकान मालिक से तीन हजार रुपये उधार मांगे थे। दुकान मालिक ने विश्वास के आधार पर उसे रुपये दे दिए, जिसके बाद निखिल दुकान से यह कहकर निकला कि वह अपने घर जा रहा है।

हालांकि, देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो दुकान मालिक को चिंता हुई। मालिक ने निखिल के परिजनों से फोन पर संपर्क किया और पूछा कि क्या वह घर पहुंच गया है। इस पर परिवार वालों ने बताया कि निखिल अभी तक घर नहीं आया है।

परिजनों के अनुसार, घटना को अब 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है और युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। चिंतित परिवार ने हस्तिनापुर थाने में लिखित तहरीर देकर बेटे की तलाश की गुहार लगाई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हस्तिनापुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। स्थानीय पुलिस टीम युवक की तलाश में जुटी है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, निखिल के लैपटॉप की जांच के दौरान यह पता चला है कि उसने हाल ही में गूगल पर “हस्तिनापुर से अयोध्या कैसे जाएं” सर्च किया था। इस जानकारी के बाद पुलिस अयोध्या जाने की संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवक के दोस्तों और परिचितों से भी संपर्क किया जा रहा है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द उनके बेटे का पता लगाया जाए।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही कुछ ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है। जैसे ही कोई नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।

(यदि किसी व्यक्ति को निखिल के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत हस्तिनापुर थाने से संपर्क करे।)

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!