संवाददाता रुपेश चौहान
हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर निवासी एक विवाहिता ने दो युवकों पर जबरन अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने, पीछा करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना हस्तिनापुर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता शिवानी पत्नी सागर ने अपनी तहरीर में बताया कि उसके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि दयाचंद उर्फ टिंकू निवासी रामराज क्षेत्र तथा सतेंद्र पाल निवासी सैफपुर फिरोजपुर द्वारा उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा था और जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था।तहरीर में उल्लेख किया गया है कि 19 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने 50 हजार रुपये का लालच देकर अवैध संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा और मना करने पर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।इसके अतिरिक्त 22 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे जब पीड़िता अपनी बहन के घर जा रही थी, तब आरोपियों ने कथित रूप से उसका पीछा किया और रास्ते में वाहन रोककर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। राहगीरों की आवाजाही के चलते आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। बाद में मोबाइल फोन के माध्यम से पुनः धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उसने पुलिस प्रशासन से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।थाना हस्तिनापुर पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
