मवाना/मेरठ, 18 मार्च 2026। हस्तिनापुर रोड स्थित थाना मवाना के निकट बन रही नाले की पुलिया के निर्माण कार्य के चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कस्बा व क्षेत्रवासियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने से स्थिति गंभीर होती जा रही थी।

जनता की इसी समस्या को देखते हुए पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रभु दयाल बाल्मीकि, भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह, तथा डॉ. सत्येंद्र गुर्जर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल नगर पालिका मवाना के अध्यक्ष अखिल कौशिक को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के लिए वार्ता की।

जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका के कर्मचारियों व जेई के साथ चर्चा कर पुलिया के पास अस्थायी व्यवस्था कराने का निर्णय लिया। इसके तहत थाने के समीप पुलिया पर लोहे का जाल डलवाकर पैदल आने-जाने के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को राहत मिल सके।

नगर पालिका अध्यक्ष अखिल कौशिक ने मौके पर ही कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित कराई। जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया और अस्थायी समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

इस अवसर पर दीपक शर्मा, नगर पालिका मवाना के जेई, प्रधान लिपिक लाखन सिंह, लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार नरेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग भी उठाई है।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

error: Content is protected !!