संवाददाता रूपेश चौहानहस्तिनापुर।
5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को हस्तिनापुर-चेतावाला मार्ग स्थित राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र की भूमि पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, खंड विकास अधिकारी अमरीश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी श्रीमती खुशबू उपाध्याय,

समाजसेवी सुनील पोसवाल, ग्राम रानी नंगला निवासी सुशील सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। वन विभाग की ओर से रेंज वन दरोगा ऋषभ कुमार, अंकित यादव, वनरक्षक अतुल गोस्वामी, नितिन फौजी, रवि चपराना, खुशीराम, अशोक कुमार, अमित कुमार, डालचंद, पवन कुमार, हर्षित चौहान, राजेंद्र तथा समस्त स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।इस अवसर पर फलदार एवं छायादार प्रजातियों के सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वृक्ष ही पृथ्वी के जीवनदाता हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण देने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण आवश्यक है।वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने आमजन से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान “एक पौधा मां के नाम” से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प भी ले। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हरित हस्तिनापुर के निर्माण में अपना योगदान देने का भरोसा जताया।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

