हस्तिनापुर। आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद अपने पहले आधिकारिक दौरे पर ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया। बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे लोक निर्माण विभाग (PWD) के अतिथि गृह पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने गगनभेदी नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
रात में सांगठनिक मंथन, कार्यकर्ताओं की सुनीं समस्याएं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने PWD गेस्ट हाउस पहुंचते ही कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इससे पूर्व, सांसद ने पार्टी कार्यकर्ता अरविंद कुमार से मुलाकात कर उनके पिता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के सुख-दुख में हमेशा एक परिवार की तरह साथ खड़ी है।
सुबह 11:40 पर बाबा साहेब को किया नमन, मेरठ के लिए हुए रवाना हस्तिनापुर में रात्रि प्रवास करने के बाद, शुक्रवार सुबह चंद्रशेखर आज़ाद का काफिला आगे के लिए रवाना हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत, सुबह ठीक 11:40 बजे वह अंबेडकर मार्केट पहुंचे। यहाँ उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जय भीम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बाबा साहेब को नमन करने के बाद सांसद अपने समर्थकों और काफिले के साथ मेरठ के लिए रवाना हो गए।
प्रशासन और पुलिस रही अलर्ट मोड पर सांसद के इस पहले दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन बेहद सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी ने संभाल रखी थी, जबकि प्रशासनिक स्तर पर नायब तहसीलदार नितेश सैनी PWD गेस्ट हाउस से लेकर माल्यार्पण कार्यक्रम तक पूरी मुस्तैदी के साथ मुस्तैद रहे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
