हस्तिनापुर (मेरठ): पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज हस्तिनापुर में शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई और उसे कक्षा से भगा देने के चर्चित मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद थाने पहुंचे इस विवाद का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से शांतिपूर्ण पटाक्षेप हो गया है। छात्र के पिता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर पूर्व में दी गई तहरीर वापस ले ली है और मामले में आगे कोई भी कानूनी कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है।

क्लासरूम का वीडियो हुआ था वायरल

घटना 27 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में अध्ययनरत 13 वर्षीय छात्र सागर कुमार का कक्षा में पढ़ाई न करने पर सहायक अध्यापक अनुज कुमार त्यागी से विवाद हो गया था। अनुशासन कायम करने के नाम पर शिक्षक ने छात्र की डांट-डपट करते हुए उसकी पिटाई कर दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

पिता ने दर्ज कराई थी शिकायत

घटना से आक्रोशित होकर छात्र के पिता रमेश सिंह (निवासी मखदूमपुर कॉलोनी) ने 27 अगस्त को ही हस्तिनापुर थाने पहुंचकर शिक्षक अनुज कुमार त्यागी के खिलाफ लिखित तहरीर सौंप दी थी।

शिक्षक ने जताया खेद, पिता ने माना गलतफहमी

28 अगस्त को दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता के बाद मामला सुलझ गया। छात्र के पिता रमेश सिंह ने पुलिस को नया पत्र सौंपते हुए बताया कि आवेश में आकर उन्होंने थाने में तहरीर दी थी। बाद में शांत होकर पूछताछ करने पर छात्र ने स्वयं की गलती स्वीकार की। वहीं, शिक्षक अनुज कुमार त्यागी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए खेद जताया है और भविष्य में छात्र के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित या शारीरिक व्यवहार न करने का स्पष्ट आश्वासन दिया है।

बिना किसी दबाव के हुआ समझौता

छात्र के पिता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य और आपसी संबंधों को बनाए रखने के लिए बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के यह समझौता किया है। उन्होंने अधिकारियों से पूर्व में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!