मृतका (आरती) का फ़ाइल फोटो

संवाददाता,बियूरो

दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़

हस्तिनापुर/मवाना (मेरठ)। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अदलपुर खेड़ा में बुधवार देर रात एक विवाहिता द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गृहकलह बनी मौत की वजह?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अदलपुर खेड़ा निवासी राजकुमार उर्फ मुकेश की पत्नी आरती (28 वर्ष) ने बुधवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अपने ही घर में फांसी लगा ली। ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार बाहर नौकरी करता है और घटना से कुछ समय पहले ही घर लौटा था। चर्चा है कि घरेलू विवाद (गृहकलह) के चलते आरती ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका आरती मूल रूप से बिसौला (थाना फलावदा) की रहने वाली थी, जिसका विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व राजकुमार के साथ हुआ था। वह अपने पीछे एक 8 वर्षीय बेटी और मात्र 6 माह का दुधमुंहा पुत्र छोड़ गई है।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही देर रात मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। उन्होंने राजकुमार पर आरती की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता और परिजनों के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने पति राजकुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!