लखनऊ/हस्तिनापुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र, पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अनुज तथा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव के पति स्वर्गीय प्रतीक यादव की शोकसभा एवं श्रद्धांजलि सभा सोमवार को उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित लखनऊ आवास पर आयोजित हुई।

इस दुखद अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व हस्तिनापुर के पूर्व विधायक मान्य प्रभु दयाल बाल्मीकि एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष व प्रख्यात शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह ने उनके आवास पर पहुंचकर स्वर्गीय प्रतीक यादव के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शोकसभा के दौरान पूर्व मंत्री प्रभु दयाल बाल्मीकि और शिक्षक नेता चौधरी नरेश पाल सिंह सहित उपस्थित अन्य गणमान्य जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस असीम दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार को संबल व यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

इस शोकसभा के दौरान लखनऊ आवास पर भारी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत पूर्व मंत्री प्रभु दयाल बाल्मीकि और माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष चौधरी नरेश पाल सिंह ने स्वर्गीय प्रतीक यादव की धर्मपत्नी व उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव एवं शोक संतप्त परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ढांढस बंधाया। इसके पश्चात दोनों नेता देर तक शोकसभा में भी उपस्थित रहे।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!