ब्यूरो रिपोर्ट दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़ दिनांक 30 जून को पशुपालन विभाग द्वारा चेतावाला स्थित बंगाली कॉलोनी में विभागीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।जानकारी के अनुसार पशुपालन विभाग की भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। विभाग की ओर से संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी किए गए तथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा लगातार विभागीय भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण कार्य किया जा रहा था।पशुपालन विभाग के मैनेजर रविंद्र तथा सुपरवाइजर अमरदीप द्वारा इस मामले की सूचना विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित रूप में दी गई थी। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी लाला राम शर्मा, महिला पुलिसकर्मी सहित पुलिस प्रशासन की टीम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सचिन कुमार, कानूनगो, पटवारी तथा अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर विभागीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, हालांकि क्षेत्र के अधिकांश बंगाली बस्ती के लोग प्रशासन और पशुपालन विभाग की इस कार्रवाई से संतुष्ट और खुश नजर आए।स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 1999 में बंगाली कॉलोनी में लगभग 56 परिवारों को बसाया गया था, लेकिन वर्तमान समय में यहां करीब 120 परिवार निवास कर रहे हैं। आरोप है कि बढ़ती आबादी के साथ कुछ लोगों द्वारा पशुपालन विभाग की भूमि पर लगातार अवैध कब्जे और निर्माण का प्रयास किया जा रहा था, जिसके चलते विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे और निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।








