रिपोर्ट: रूपेश चौहान (संवाददाता एवं ब्यूरो चीफ)
दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़ — खबर सच्चाई की
गाजियाबाद के आरोपी ने विदुर वन ब्लॉक में पेड़ों को आग लगाकर सुखाने का किया था प्रयास; वन विभाग ने मौके पर धर दबोचा
हस्तिनापुर (मेरठ)। उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर वन रेंज के तहत आने वाले विदुर वन ब्लॉक में प्रकृति और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँचाने का एक मामला सामने आया है। आरक्षित वन क्षेत्र में खड़े कीमती पेड़ों को सुनियोजित तरीके से नष्ट करने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उस पर 1,50,000 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है।
घटना बीते 9 नवंबर 2026 की है, जब विदुर वन ब्लॉक के संरक्षित जंगल में एक नीम और एक शीशम के हरे-भरे पेड़ को निशाना बनाया गया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पेड़ों को जानबूझकर सुखाने की नीयत से उनके तनों में आग लगा दी थी। यही नहीं, पेड़ों को पूरी तरह बर्बाद करने के लिए उनकी छाल को छील दिया गया, जड़ों के पास से मिट्टी हटाकर कमजोर किया गया और अवैध रूप से टहनियों की कटाई (लॉपिंग) भी की गई थी।
मौके पर पहुँचकर बुझाई आग, पकड़ा गया आरोपी मामले की भनक लगते ही वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में विभागीय अमला तुरंत हरकत में आया और फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम ने मौके पर पहुँचकर सूझबूझ दिखाते हुए पेड़ों में सुलग रही आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। जांच के दौरान मौके से ही एक संदिग्ध को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान संजय (पुत्र उदयवीर सिंह, निवासी मुरादनगर, जिला गाजियाबाद) के रूप में बताई।

कड़े कानूनों के तहत हुई कार्रवाई वन विभाग ने आरोपी के इस कृत्य को गंभीर वन अपराध मानते हुए भारतीय वन अधिनियम, 1927 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। विभागीय कार्रवाई के तहत आरोपी से मौके पर ही डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों की दोटूक: बख्शे नहीं जाएंगे पर्यावरण के दुश्मन मेरठ वन प्रभाग की प्रभागीय निदेशक (DFO) वंदना ने इस पूरी कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा करने, उसका स्वरूप बिगाड़ने या वन संपदा को नुकसान पहुँचाने के किसी भी प्रयास को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसे मामलों में लिप्त पाए जाने वालों पर वित्तीय जुर्माने के साथ-साथ जेल की हवा खाने तक की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विभाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, किसानों और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों की हिफाजत में सहयोग करें। आरक्षित क्षेत्रों में पेड़ों को छीलना, आग लगाना या अतिक्रमण करना कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो उसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के साथ सेक्शन अधिकारी गौरव गर्ਗ, वन दरोगा ऋषभ, बीट प्रभारी अतुल स्वामी, वन रक्षक खुशीराम और वाचर दालचंद व समंदर दास समेत अन्य प्रमुख वनकर्मी शामिल रहे।
