सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम: लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण पर प्रशासन का विशेष जोर
रिपोर्ट: रूपेश चौहान (संवाददाता एवं ब्यूरो चीफ)
दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़ — खबर सच्चाई की
हस्तिनापुर (मेरठ)। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर आयोजित होने वाले गंगा स्नान मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी मेरठ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने हस्तिनापुर स्थित मखदूमपुर गंगा घाट पहुंचकर मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का बारीकी से जायजा लेते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालु सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने गंगा घाट तक पहुंचने वाले मुख्य मार्गों, स्नान स्थलों, वाहन पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही के रास्तों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस
मेले के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भीड़ का दबाव एक जगह न पड़े।
गंगा घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गंगा घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्नान के दौरान किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
सीसीटीवी और वॉच टावर से 24 घंटे निगरानी
मेला क्षेत्र के संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और वॉच टावर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और अग्निशमन विभाग की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, सुरक्षित स्नान और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


