दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़ (विशेष रिपोर्ट)
मवाना/मेरठ: उत्तर प्रदेश शासन के मंशानुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ अभियान (फेस-6.0) के अंतर्गत मवाना में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से क्षेत्र में महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुँचाया गया।

नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण का गवाह बना मवाना
रैली के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर पुलिस प्रशासन, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला। रैली में मुख्य रूप से एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ मवाना पंकज लवानिया और मवाना इंस्पेक्टर ब्रह्म कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में निकली इस रैली का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को पूरी तरह से आत्मनिर्भर, सुरक्षित और निडर बनने के लिए प्रेरित करना था।

‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ का गूंजा नारा
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने आम जनता को जागरूक करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। रैली में शामिलत तमाम छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने हाथों में तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा, सम्मान तथा ‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ के नारे लगाए।
इस दौरान आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों जैसे विमेन पावर लाइन (1090), महिला हेल्पलाइन (181), आपातकालीन सेवा (112) और साइबर हेल्पलाईन की जानकारी भी विस्तार से साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर बेटियां और महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

— ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़ (मवाना, मेरठ)
