• हस्तिनापुर अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग, राजस्व टीम और पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई।
  • कई वर्षों से चल रही खूनी रंजिश और विवादों का केंद्र बनी MLC व सरकारी भूमि को ट्रैक्टरों से जुतवाकर लिया नियंत्रण में।
  • सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास करने वाले रसूखदारों को पुलिस की दो टूक- ‘अड़चन डाली तो सीधे जाओगे जेल’।

दैनिक इंडिया टीवी न्यूज ब्यूरो हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खेड़ी कला खादर में सोमवार (18 मई) को प्रशासन और वन विभाग ने संयुक्त रूप से एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कई वर्षों से विवादित चल रही MLC की भूमि और वन विभाग की सरकारी ज़मीन को भूमाफियाओं के अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया है। इस बड़े और संवेदनशील अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल, राजस्व विभाग की टीम तथा वन विभाग के आला अधिकारी मुस्तैद रहे।

यह पूरी कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी (रेंज ऑफिसर) खुशबू उपाध्याय के कुशल नेतृत्व में चलाई गई। इसमें राजस्व विभाग, हस्तिनापुर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की आपसी सहमति से ज़मीन को खाली कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार, भूमाफियाओं द्वारा पिछले लंबे समय से इस बेशकीमती वन और MLC की भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। सोमवार को प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कई ट्रैक्टरों के जरिए करीब 200 से 400 बीघा ज़मीन को जोतकर अपने नियंत्रण में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में बची हुई विवादित भूमि को भी जल्द ही पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

खूनी रंजिश और विवादों का केंद्र थी यह ज़मीन

आपको बता दें कि इस सरकारी भूमि को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से लगातार तनाव और टकराव की स्थिति बनी हुई थी। कई बार इस ज़मीन पर अवैध वर्चस्व को लेकर स्थानीय स्तर पर खूनी रंजिश, जानलेवा हमले और गंभीर विवाद के मामले भी सामने आ चुके थे, जिससे संपूर्ण हस्तिनापुर क्षेत्र की कानून व्यवस्था को हमेशा खतरा बना रहता था। सोमवार को प्रशासनिक कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्व विभाग ने मौके पर ही पैमाइश कर इस संबंधित भूमि को आधिकारिक तौर पर वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।

मौके पर वन विभाग की टीम से वन दरोगा अतुल स्वामी, अंकित यादव, ऋषभ कुमार, नितिन फौजी, वनरक्षक अशोक, रवि चपराना, डालचंद सहित वाचर अमित, पवन, हर्षित चौहान और राजेंद्र ने पूरी मुस्तैदी के साथ पैमाइश और सीमांकन का काम पूरा कराया।

स्थानीय किसानों ने किया स्वागत, कहा- ‘फसलों को हो रहा था भारी नुकसान’

खेड़ी कला के आम ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन के इस साहसिक कदम का पुरजोर स्वागत किया है। किसानों का कहना था कि भूमाफियाओं के इन अवैध कब्जों के कारण उनकी पैतृक और लगानी भूमि का रास्ता और सीमाएं लगातार प्रभावित हो रही थीं। इसके अलावा, खेतों के ठीक आसपास अवैध ढंग से की जा रही खेती और कब्जों के चलते नीलगाय व अन्य जंगली पशु अभयारण्य से निकलकर आबादी और खेतों की तरफ खिंचे चले आते थे, जिससे आम किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुँच रहा था। इस कार्रवाई से स्थानीय किसानों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

अभयारण्य क्षेत्र की सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता: खुशबू उपाध्याय

मामले पर विस्तृत जानकारी देते हुए वन रेंज क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई यह भूमि पूरी तरह से हस्तिनापुर अभयारण्य क्षेत्र (Sanctuary Area) की सुरक्षित वन भूमि है, जो सीधे तौर पर वन्य जीवों के प्राकृतिक विचरण और उनके कॉरिडोर के अंतर्गत आती है। उन्होंने साफ लहजे में भूमाफियाओं को चेतावनी दी कि वन विभाग भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह का कड़ा और दंडात्मक अभियान जारी रखेगा। वन संपदा और वन्य जीवों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

विरोध करने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी

इस पूरी बड़ी कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग से कानूनगो सीताराम और पटवारी नीरज तोमर मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए हस्तिनापुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनीष, उपनिरीक्षक निर्दोष कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और महिला कांस्टेबल तैनात रहीं।

कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच कुछ तथाकथित रसूखदार कब्जाधारियों ने सरकारी काम में अड़चन डालने और पैमाइश रोकने का प्रयास किया, जिससे मौके पर हल्का तनाव देखने को मिला। हालांकि, हस्तिनापुर पुलिस ने स्थिति को तुरंत संभालते हुए विरोध कर रहे लोगों को सख्त हिदायत दी कि यदि किसी ने भी प्रशासनिक कार्य में दखलअंदाजी या हुड़दंग करने की कोशिश की, तो उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस की इस सख्त चेतावनी के बाद विरोध करने वाले बैकफुट पर आ गए और सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासनिक कार्रवाई का समर्थन किया।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!