संवाददाता रूपेश चोहान ब्यूरो चीफ
मेरठ:
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हुए चर्चित सांप हत्याकांड के मामले में पुलिस ने एक और सनसनीखेज गिरफ्तारी की है। मुख्य आरोपी महिला को बिना किसी डॉक्टर के पर्चे के नींद की भारी खुराक (गोलियां) देने वाले कथित डॉक्टर रोहित को हस्तिनापुर पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस अब इस मामले में कानूनी धाराओं को और सख्त करने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग से भी आरोपी के खिलाफ जांच की सिफारिश करने की तैयारी कर रही है।
कैसे दिया गया था वारदात को अंजाम?
जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी दामिनी ने अपने पति अतुल को रास्ते से हटाने के लिए एक खतरनाक षड्यंत्र रचा था। साजिश के तहत, दामिनी ने दूध में 15 नींद की गोलियां मिलाकर अतुल को पिला दी थीं, जिससे वह गहरी बेहोशी की हालत में चला गया। इसके बाद महिला ने अपने प्रेमी तुषार और अन्य साथियों को मौके पर बुलाया।
भूखे सांप से कटवाकर की गई थी हत्या
पुलिस पूछताछ और कॉल डिटेल्स से सामने आया कि प्रेमी तुषार अपने साथियों सोनू और उदय के साथ एक जहरीला करैत सांप लेकर दामिनी के घर पहुंचा था। उस सांप को अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया गया, जिसने गहरी नींद में सो रहे अतुल के पैर में डस लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने इसे सामान्य मौत दिखाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता, कॉल रिकॉर्ड और पुख्ता साक्ष्यों ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
दो साल पहले बंद हो चुका था आरोपी का क्लिनिक
पुलिस की शुरुआती छानबीन में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी रोहित हस्तिनापुर के बंगाली बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक चलाता था। लगभग दो-तीन साल पहले एक मरीज को गलत इंजेक्शन लगाने के कारण भारी हंगामा हुआ था, जिसके बाद से उसका क्लिनिक बंद चल रहा था और वह अवैध तरीके से मेडिकल गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
