हस्तिनापुर। नगर में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत और भव्य नजारा देखने को मिला, जब 1100 मीटर लंबी विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में पूज्य मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनके दर्शन और मार्गदर्शन ने श्रद्धालुओं व विद्यार्थियों में अपार उत्साह भर दिया।
रैली में नगर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महर्षि दयानंद स्कूल (हस्तिनापुर) और सरस्वती विद्या मंदिर (हस्तिनापुर) सहित विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों की अनुशासित और ऊर्जावान उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। हाथ में तिरंगा थामे बच्चे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
नगरवासियों ने की पुष्पवर्षा, समाजसेवियों ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा रैली का पूरे नगर में जगह-जगह नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत और सहयोग किया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर सेवा कार्य किए।
देशभक्ति के रंग में रंगा हस्तिनापुर
पूरे यात्रा मार्ग के दौरान नगर भक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में डूबा नजर आया। मुनि श्री प्रतीक सागर जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। बच्चों और युवाओं में देशभक्ति का यह जज्बा देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
रैली का समापन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से हुआ, जिसके बाद आयोजकों व विद्यालय प्रबंधकों ने सभी सहयोगियों, समाजसेवियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
सुशील नागर व समिति का सराहनीय योगदान
रैली के दौरान सुभाष चंद्र बोस समिति के अध्यक्ष व प्रमुख समाजसेवी सुशील नागर के नेतृत्व में अभूतपूर्व सहयोग देखने को मिला। समाजसेवी सुशील नागर द्वारा रैली में भाग ले रहे बच्चों और नगरवासियों के लिए स्वयं 50 दर्जन केलों का वितरण कर सेवा कार्य किया गया। नगरवासियों ने इस तिरंगा यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया।
