संवाददाता रूपेश चौहान
हस्तिनापुर/मेरठ।करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई हस्तिनापुर–चांदपुर मार्ग को शनिवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से जेसीबी मशीन के द्वारा मार्ग से काट दिए जाने का मामला सामने आया है। सड़क पूरी तरह बाधित होने से ग्रामीणों, किसानों एवं राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने सड़क को इस प्रकार क्षतिग्रस्त कर दिया कि आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि नियमित गश्त होती, तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार सड़क को क्षतिग्रस्त किया गया था, लेकिन प्रभावी एवं स्थायी समाधान नहीं किया गया। अब एक बार फिर सड़क कट जाने से भीमकुंड, बस्तोरा और दूदली खादर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बारिश के दौरान पानी का बहाव प्रभावित होने से आसपास के गांवों और किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।इस मार्ग के बाधित होने से चांदपुर–हस्तिनापुर–मेरठ–मुरादाबाद की आवाजाही भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। किसानों को अपनी फसलों तक पहुंचने के लिए जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त मार्ग पार करना पड़ रहा है। इससे उनके दैनिक कार्य और खेती-किसानी दोनों प्रभावित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल किया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
