ब्यूरो चीफ : रूपेश चौहान

हस्तिनापुर/मवाना:उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रविवार, 12 जुलाई 2026 को हस्तिनापुर वन रेंज कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के माननीय जल शक्ति मंत्री श्री दिनेश खटीक द्वारा प्रथम पौधा रोपित कर एवं वृक्षारोपण महायज्ञ में पहली आहुति देकर किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन हस्तिनापुर वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में हुआ। उनके निर्देशन में वन विभाग की टीम ने वृक्षारोपण अभियान को सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता से जोड़ते हुए एक प्रेरणादायी रूप दिया। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर हरित हस्तिनापुर के निर्माण का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नूपुर गोयल, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी सुश्री वंदना फोगाट, उपजिलाधिकारी मवाना श्री संतोष कुमार, ब्लॉक प्रमुख श्री नितिन पोसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, पर्यावरण प्रेमी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए पौधरोपण किया तथा “एक पौधा–एक जीवन” और “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।माननीय जल शक्ति मंत्री श्री दिनेश खटीक ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य अधूरा है और प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त हस्तिनापुर के निर्माण का संकल्प लिया। लोगों ने पौधों की सुरक्षा के लिए नियमित सिंचाई, संरक्षण एवं निगरानी का भी वचन दिया।क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हस्तिनापुर वन रेंज कार्यालय में आयोजित यह वृक्षारोपण महायज्ञ पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, जलवायु संतुलन तथा जनभागीदारी की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में याद किया जाएगा।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!