दैनिक इंडिया टीवी न्यूज़/ ब्यूरो चीफ रूपेश चौहान

हस्तिनापुर/मेरठ: मवाना में आज वन महोत्सव (1–7 जुलाई) एवं वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 अभियान के अंतर्गत वन विभाग, मेरठ द्वारा बच्चों में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एस. इंटर कॉलेज, मवाना तथा स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों की विशेष आकर्षण प्रसिद्ध जादूगर बी. सम्राट रहे, जिन्होंने अपने रोमांचक एवं मनोरंजक जादुई प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।जादू और जागरूकता के अनोखे संगम ने बच्चों को न केवल रोमांचित किया, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी कराया। जादूगर बी. सम्राट ने बच्चों को समझाया कि बढ़ती जनसंख्या, लगातार घटते वृक्षों की संख्या तथा प्लास्टिक प्रदूषण के कारण अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा, सूखा एवं पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं वृक्ष लगाएं और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 अभियान से जोड़ें।एस. इंटर कॉलेज, मवाना में शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण और पालन-पोषण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के उपरांत वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय, हस्तिनापुर रेंज, जादूगर बी. सम्राट, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में बहुगुणी नीम का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल में भी जादू आधारित पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी जादूगर बी. सम्राट ने अपने आकर्षक जादुई प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व से जोड़ते हुए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।एस. इंटर कॉलेज, मवाना के प्रधानाचार्य श्री मेघराज चौधरी ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जादूगर बी. सम्राट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जादू कला जैसे रचनात्मक माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता फैलाना एक अत्यंत सराहनीय पहल है।इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं वन विभाग की ओर से जादूगर बी. सम्राट को पगड़ी पहनाकर, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती का प्रभावी समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण में ही निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं नागरिकों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पूर्ण विकसित वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प निभाने की अपील करते हुए वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

By jourpraveenkumar@gmail.com

Dainik india tv news ख़बर सच्चाई की

You missed

error: Content is protected !!