हस्तिनापुर। महाभारतकालीन एवं धार्मिक नगरी हस्तिनापुर में देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की शिकायत ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। रविवार को शिकायतकर्ता से मिली सूचना के आधार पर थाना हस्तिनापुर पुलिस ने कस्बे के मुख्य बाजार में शराब के ठेके के सामने स्थित डायमंड होटल में छापेमारी की। पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल से कई युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाया गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस को काफी समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार करीब 12 बजे शिकायत मिलने के बाद थाना हस्तिनापुर पुलिस टीम ने SI शिवेंद्र, SI मनीष, तरुण मलिक , महिला पुलिस सहित मौके पर पहुंचकर होटल में जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान होटल से करीब आठ से दस युवक और छह युवतियां मिलीं, जिन्हें पुलिस पूछताछ के लिए थाने लेकर पहुंची।बताया जा रहा है कि आसपास के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों से युवतियों और महिलाओं के होटल में आने-जाने को लेकर भी स्थानीय लोगों द्वारा पहले शिकायतें की जाती रही हैं। हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।धार्मिक नगरी में ऐसी गतिविधियों को लेकर आक्रोशहस्तिनापुर को धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी के रूप में देशभर में जाना जाता है। कस्बे के बीचोंबीच होटल में इस प्रकार की कथित गतिविधियों की सूचना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों का कहना है कि धार्मिक नगरी की मर्यादा और प्रतिष्ठा को देखते हुए ऐसे मामलों पर पुलिस-प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि यदि होटल में अनैतिक अथवा गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।अधिकारियों तक पहुंची सूचनामामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों को थाने लाकर पूछताछ की गई तथा उनके परिजनों को सूचना दिए जाने की जानकारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में आने वाले लोगों का आपस में क्या संबंध था और वहां वास्तव में किसी संगठित देह व्यापार गतिविधि का संचालन हो रहा था या नहीं।थाना प्रभारी ने कही सख्त कार्रवाई की बातथाना प्रभारी कमल शंकर त्रिवेदी ने कहा कि हस्तिनापुर की पावन एवं धार्मिक भूमि पर किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस को जहां भी इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि धार्मिक नगरी में अनैतिक एवं गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह सख्ती बरती जानी चाहिए।हालांकि, मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि होटल में देह व्यापार का संगठित संचालन हो रहा था या नहीं।


