जंगली सूअर के शिकार का भंडाफोड़, मौके से छ: आरोपी गिरफ्तार, ₹1,80,000 का जुर्माना वसूला
हस्तिनापुर/मेरठ: हस्तिनापुर बहसूमा वन क्षेत्र वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत हस्तिनापुर वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर के शिकार के मामले का पर्दाफाश किया। ग्राम सादरपुर बहसूमा क्षेत्र स्थित आम की बागीची में जंगली सूअर के शिकार की सूचना प्राप्त होने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी श्रीमती खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकारियों को मौके से रंगे हाथों पकड़ लिया।
प्रकरण में मुख्य आरोपियों के रूप में छोटू एवं लक्की पुत्र ताराचंद निवासी बहसुमा, सोनू पुत्र सलेखचंद, अमित पुत्र राजपाल, टिंकू पुत्र लख्मीचंद निवासी सैफपुर फ़िरोज़पुर तथा नितिन पुत्र अग्नपाल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
वन विभाग की टीम द्वारा मौके से एक तराजू, छुरी, बाट, जंगली सूअर का मांस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सामग्री को नियमानुसार कब्जे में लेकर प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई को सेक्शन प्रभारी श्री गौरव कुमार गर्ग एवं बीट प्रभारी श्री अतुल स्वामी के साथ वन दरोगा अंकित यादव, ऋषभ सिंह तथा वनरक्षक नितिन कुमार, खुशीराम एवं नितिन त्यागी की टीम द्वारा अंजाम दिया गया।
वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध लगातार सघन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उक्त शिकार प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ₹1,80,000 (एक लाख अस्सी हजार रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन क्षेत्र एवं उसके आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी तथा वन्यजीव अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की अपील:
आमजन वन्यजीवों के अवैध शिकार अथवा वन्यजीव अपराध से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। वन्यजीव हमारी प्राकृतिक विरासत हैं और उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
— वन विभाग, हस्तिनापुर रेंज, मेरठ

