ब्यूरो रिपोर्ट दैनिक इंडिया टीवी न्यूज
हस्तिनापुर। आज़ाद समाज पार्टी के मुखिया और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के हस्तिनापुर आगमन पर कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर दिखाई दिया। बृहस्पतिवार रात लगभग 9 बजे जब उनका काफिला हस्तिनापुर के लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस पहुंचा, तो पहले से ही मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। सांसद बनने के बाद हस्तिनापुर का यह उनका पहला दौरा है।
अतिथि गृह में डेरा डालते ही सांसद चंद्रशेखर सीधे सांगठनिक मोड में नजर आए। उन्होंने देर रात तक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन संवाद किया। बैठक के दौरान उन्होंने न सिर्फ संगठन की मजबूती पर चर्चा की, बल्कि हस्तिनापुर और आसपास के इलाके के क्षेत्रीय मुद्दों को भी बारीकी से समझा। कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए उन्होंने साफ किया कि जनता के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं होगा।
इससे पहले, चंद्रशेखर आज़ाद ने पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता अरविंद कुमार के पिता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचकर उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी एक राजनीतिक दल मात्र नहीं, बल्कि एक परिवार है जो अपने हर साथी के साथ हर परिस्थिति में मुस्तैदी से खड़ा है।
सांसद के इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह चौकन्ना रहा। PWD गेस्ट हाउस और आसपास के परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नायब तहसीलदार नितेश सैनी और थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह सांसद का काफिला मेरठ की ओर रुख करेगा।

