हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खेड़ी कला में आखिरकार प्रशासन ने भूमाफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे दिया है। राजनीतिक दबाव और तमाम बाधाओं को दरकिनार करते हुए राजस्व और वन विभाग की टीम ने आज गांव में मौजूद एमएलसी (LMC) की पूरी 130 हेक्टेयर अवैध कब्जे वाली भूमि को शत-प्रतिशत कब्जामुक्त करा लिया है।

मौके पर डटी रही पटवारी टीम, पूरी हुई पैमाइश
पिछले दिनों जहां पैमाइश न होने के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो पा रही थी, वहीं आज उपजिलाधिकारी (SDM) के निर्देश पर पटवारी की पूरी टीम मौके पर मुस्तैद रही। पटवारी टीम ने भारी पुलिस बल और वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि का अंतिम सीमांकन (नाप-तौल) कर सीमाओं को पूरी तरह स्पष्ट किया। इसके बाद प्रशासन ने ट्रैक्टरों की मदद से पूरी 130 हेक्टेयर जमीन पर जुताई करवाकर उसे आधिकारिक रूप से वन विभाग के अधीन सौंप दिया है।
राजनीतिक दबाव को पछाड़कर प्रशासन ने की आर-पार की कार्रवाई
गौरतलब है कि बीते 18 मई 2026 को जब यह अभियान शुरू हुआ था, तब सपा नेता रुद्ध प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर वन रेंज क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय और पुलिस प्रशासन से दो दिन का समय मांगकर कार्रवाई को रुकवा दिया था। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (DM) को ज्ञापन भी सौंपा था। लेकिन आज प्रशासन ने साफ कर दिया कि अवैध कब्जे के मामले में कोई ढील नहीं दी जाएगी। आज की कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के राजनीतिक हस्तक्षेप को हावी नहीं होने दिया गया और टीम ने काम को अंजाम तक पहुंचाया।

क्षेत्र के इतिहास की बड़ी कार्रवाई, ग्रामीणों में भारी उत्साह
खेड़ी कला गांव में 130 हेक्टेयर सरकारी व एमएलसी की भूमि को भूमाफियाओं के चंगुल से मुक्त कराना क्षेत्र के इतिहास की बड़ी प्रशासनिक जीतों में से एक माना जा रहा है। कार्रवाई पूरी होने के बाद से गांव के सीधे-सादे ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने निष्पक्षता से काम पूरा करने के लिए जिला प्रशासन, पटवारी टीम और वन विभाग का आभार व्यक्त किया है। वहीं, इस बड़ी चोट से क्षेत्र के अवैध कब्जाधारियों और भूमाफियाओं में पूरी तरह हड़कंप मच गया है।
विडिओ देखे
