रिपोर्ट: संवाद सूत्र, रूपेश चोहान
दैनिक इंडिया टीवी न्यूज (हस्तिनापुर)
हस्तिनापुर। महाभारतकालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर हस्तिनापुर व्यापार संघ की ओर से भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। देशभक्ति और मानव सेवा की भावना से ओतप्रोत इस शिविर में व्यापारियों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
फीता काटकर शिविर का शुभारंभ
कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि हस्तिनापुर नगर पंचायत चेयरपर्सन श्रीमती सुधा खटीक ने फीता काटकर किया। इस दौरान व्यापार संघ के प्रांतीय व स्थानीय पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से:
- गोपाल खुकरेजा (जिला महामंत्री, व्यापार संघ)
- विशाल आजाद
- बालमुकुंद बत्रा (अध्यक्ष, व्यापार संघ हस्तिनापुर)
- संजय मंचंदा (कोषाध्यक्ष, व्यापार संघ हस्तिनापुर)
- रवि अरोड़ा, बंटी चौहान, सुनील कालरा, मुदित नारंग, भारत भूषण पाहवा एवं हर्ष ललित (हर्षू) आढ़ती सहित अनेक गणमान्य व्यापारी व पदाधिकारी शामिल रहे।
“रक्तदान महादान, इससे बड़ी कोई सेवा नहीं”
शिविर के दौरान वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का जश्न मनाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। किसी जरूरतमंद की जान बचाना ही सबसे बड़ी देशभक्ति और मानव सेवा है।
जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर (चांदपुर) की टीम ने की सैंपलिंग
इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जीवन चैरिटेबल ब्लड सेंटर (चांदपुर, बिजनौर) के डॉक्टरों व पैरामेडिकल टीम का विशेष सहयोग रहा। हस्तिनापुर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं और व्यापारियों में रक्तदान को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा।
कार्यक्रम के अंत में व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्य निरंतर करने का संकल्प लिया।
