दैनिक इंडिया टीवी ब्यूरो
हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम बदमाशों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश हमलावरों ने माखननगर निवासी नितिन नागर (पुत्र सतीश) पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
गणेशपुर चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गणेशपुर चौराहे पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
बुलडोजर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग
धरने पर बैठे परिजनों और ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक शव नहीं हटाया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों के अवैध निर्माणों पर नियमानुसार बुलडोजर चलाने की मांग रखी।
मौके पर पहुंचे धन सिंह कोतवाल और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने परिजनों से बात की। पवन गुर्जर ने कहा कि पुलिस प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजना चाहिए, ताकि जनता में कानून-व्यवस्था का विश्वास बना रहे।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर, मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक दिनेश खटीक, एसडीएम मवाना, पंकज लवानिया, एसपी देहात और एसपी सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
प्रशासन ने त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए घटना के मुख्य आरोपी सत्य उर्फ मिट्टू (पुत्र पिंकी चौधरी, निवासी जे-ब्लॉक) के घर पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

